बाजपुर 16 जनवरी 2026- तहसील बाजपुर के ग्राम बिचपुरी की खाता संख्या 17 खसरा संख्या 6/2 रकवा 4.047 है /64 बीघा भूमि अतिरिक्त सीलिंग भूमि घोषित की गयी है। जो कि राज्य सरकार की सम्पत्ति है। राजस्व व पुलिस विभाग की
संयुक्त टीम ने एसडीएम डॉ. अमृता शर्मा व पुलिस क्षेत्राधिकारी विभव सैनी की अगुवाई में मौका स्थल पर पहुँचकर सूचना बोर्ड चस्पा कर दिया है। तहसीलदार बाजपुर की ओर से चस्पा सूचना बोर्ड में लिखा है कि ‘सूचित किया जाता है कि मा. सर्वाेच्च न्यायालय में योजित सिविल अपील संख्या 662 वर्ष 1995 एवं मा. उच्च न्यायालय में योजित रिट याचिका संख्या 2037 वर्ष 200 में पारित आदेशों के अनुपालन में मा. न्यायालय नियत प्राधिकारी अपर जिलाधिकारी (वि.रा.)ऊधम सिंह नगर द्वारा सीलिंग वाद संख्या 51/82 वर्ष 1974-15 में पारित आदेश दिनांक 21/11/2025 के द्वारा ग्राम बिचपुरी की खाता संख्या 17 खसरा संख्या 6/2 रकबा 4.047 है./64 बीघा भूमि अतिरिक्त सीलिंग भूमि घोषित की गयी है, जो कि राज्य सरकार की सम्पत्ति है। यदि उक्त भूमि पर किसी भी व्यक्ति / संस्था द्वारा अनावश्यक हस्तक्षेप, अतिक्रमण अथवा खुर्दबुर्द करने का प्रयास किया जाता है तो सम्बन्धित के विरूध्द विधिक/दण्डात्मक कार्यवाही की जायेगी। जिसका सम्पूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित व्यक्ति/संस्था की होगी।’ तहसीलदार बाजपुर ने भूमि पर काबिज लोगों को 15 दिन के भीतर अपना कब्जा हटाने का भी नोटिस दिया है। अन्यथा कब्जे को बलपूर्वक हटाने की भी चेतावनी दी है। इस मौके पर तहसीलदार प्रताप सिंह चौहान, केलाखेड़ा थानाध्यक्ष डी.बी.सोलंकी आदि थे। यहाँ बता दें कि जिस जमीन को ग्राम बिचपुरी निवासी परमजीत कौर द्वारा गदरपुर विधायक अरविन्द पाण्डेय पर कब्जा करने का आरोप लगाया गया था, वहीं जमीन सीलिंग की निकली और आज उसे प्रशासन ने अपने कब्जे में ले लिया है। इस जमीन पर करोड़ों रूपये की लागत से पाँच आलीशान बी.एड. कॉलेज भी बने हुए हैं।






