बाजपुर।चम्पावत समाजवादी पार्टी यूथ बिग्रेड के राष्ट्रीय महासचिव अरविंद यादव के चम्पावत आगमन पर जिला अध्यक्ष ललित मोहन भट्ट के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर संगठन विस्तार को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।राष्ट्रीय महासचिव अरविंद यादव ने कहा कि शीघ्र ही सम्पूर्ण प्रदेश में विधानसभा अध्यक्षों की नियुक्ति कर संगठन को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने वार्ता के दौरान कहा कि उत्तराखंड राज्य को बने 26 वर्ष हो चुके हैं, लेकिन आज भी राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं और रोजगार की पर्याप्त उपलब्धता नहीं है। नौजवानों को रोजगार के लिए पलायन करना पड़ रहा है, जो अत्यंत चिंताजनक विषय है।
उन्होंने कहा कि चम्पावत सहित पहाड़ी क्षेत्रों के लोगों को मुख्यमंत्री से बहुत उम्मीदें थीं, लेकिन चार वर्ष बीत जाने के बाद भी अपेक्षित विकास कार्य नहीं हो पाए हैं। जिला अस्पताल के हालात बदतर हैं और मरीजों को मूलभूत सुविधाएँ, यहाँ तक कि कंबल भी उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं।अरविंद यादव ने पहाड़ी क्षेत्रों में रोजगार सृजन हेतु मिनी सिडकुल की स्थापना की आवश्यकता पर बल दिया, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध हो और पलायन पर रोक लगे।
उन्होंने बताया कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सदैव उत्तराखंड राज्य की मदद और समर्थन किया है। उत्तर प्रदेश को उत्तराखंड से जोड़ने के लिए बरेली से बागेश्वर मार्ग का निर्माण कराया गया तथा सड़क का नाम पूर्व मुख्यमंत्री एनडी तिवारीके नाम पर रखा गया।अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए भी वैचारिक समर्थन दिया गया। उत्तरकाशी में टनल में फंसे मजदूरों को सुरक्षित निकालने वाली रेस्क्यू टीम को सम्मानित करते हुए 1-1 लाख रुपये की धनराशि प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
आगामी माह मार्च में अखिलेश यादव के पहाड़ दौरे का कार्यक्रम प्रस्तावित है, जिसमें नैनीताल आगमन की भी संभावना है। जिला अध्यक्ष ललित मोहन भट्ट ने कहा कि अखिलेश यादव का पहाड़ के लोगों से विशेष लगाव है और वे समय-समय पर राज्य की सहायता करते रहे हैं। उनका ससुराल उत्तराखंड में होने के कारण उनका राज्य से गहरा संबंध और आत्मीयता है।इस अवसर पर ललित मोहन भट्ट, गंगा सिंह भंडारी, शंकर थुयाल, प्रेम सिंह दबीर एवं आदर्श भट्ट सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





