रतनपुरा में विवाद ने लिया उग्र रूप, घर में घुसकर हमला, चार घायल, दो रेफर
बाजपुर। क्षेत्र के रतनपुरा मोहल्ले में रविवार देर शाम मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने घर में घुसकर धारदार हथियार से हमला कर दिया। जिससे एक महिला समेत चार लोग घायल हो गए।घटना शाम करीब साढ़े चार बजे की बताई जा रही है।रतनपुरा निवासी सुमन पत्नी अशोक गांव से उपले लेकर अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले कुछ लोगों ने कथित रूप से उनके साथ अभद्रता और गाली-गलौज शुरू कर दी। बताया गया है कि एक युवक नशे की हालत में था और उसने महिला के साथ दुर्व्यवहार किया। विरोध करने पर मामला और भड़क गया।
शोर-शराबा सुनकर बीच-बचाव के लिए पहुंचे रानी पत्नी रामचंद्र, अशोक पुत्र हर किशन सिंह, रामवीर पुत्र जगदीश और लक्की पुत्र अशोक कुमार पर आरोपित पक्ष ने हमला बोल दिया। हमलावरों ने घर में घुसकर धारदार हथियार से वार किए। जिससे चारों लोग घायल हो गए।सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस ने घायलों को उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दो घायलों को हायर सेंटर रेफर कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई है।





