सुल्तानपुर पट्टी में ‘गंदगी का अंबार’, नगर पंचायत की लापरवाही से भड़का जनआक्रोश।
रिपोर्ट:गुलबेज़ खान आजाद
स्थान: बाजपुर
: ऊधमसिंह नगर के सुल्तानपुर पट्टी नगर पंचायत में प्रशासनिक संवेदनहीनता और सफाई व्यवस्था के पूरी तरह ध्वस्त होने से स्थानीय जनता का धैर्य अब जवाब दे गया है। नगर के हर गली-कूचे में सड़ते कूड़े के अंबारों ने न केवल समूचे क्षेत्र को नरक में तब्दील कर दिया है, बल्कि भीषण संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी सिर पर खड़ा है। इसी चरमराई व्यवस्था और नगर पंचायत की घोर लापरवाही के खिलाफ समाजसेवी साजिद हुसैन के नेतृत्व में आक्रोशित नागरिकों ने मोर्चा खोलते हुए एसडीएम कार्यालय बाजपुर पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन एसडीएम के पेशकार संजीव कुमार को सौंपकर सीधा अल्टीमेटम दिया है कि यदि जल्द ही सफाई व्यवस्था बहाल नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। समाजसेवी साजिद हुसैन ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि 7 मार्च 2026 से नगर पंचायत में सफाई कार्य पूरी तरह ठप पड़ा है, जिससे पूरी टाउनशिप एक बदबूदार कूड़ेदान बन गई है। उन्होंने गहरा रोष जताते हुए कहा कि रमजान जैसे मुकद्दस महीने और आगामी ईद-उल-फितर के त्यौहार के बीच नगर पंचायत की यह उदासीनता सीधे तौर पर धार्मिक आस्था और जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है। सड़कों पर बिखरी गंदगी ने जहाँ राहगीरों का जीना मुहाल कर दिया है, वहीं बीमारियों की आहट ने लोगों की रातों की नींद उड़ा दी है। उन्होंने जिलाधिकारी से इस गंभीर मामले में तत्काल हस्तक्षेप की पुरजोर मांग की है। वहीं, इस पूरे गतिरोध पर सफाई का राग अलापते हुए नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी गीता चौधरी का कहना है कि पर्यावरण मित्रों के धरने के कारण व्यवस्था बाधित हुई है और कर्मचारियों से वार्ता कर जल्द समाधान का रास्ता निकाला जाएगा। ईओ ने अव्यवस्था के लिए जनता से खेद तो जताया है, लेकिन धरातल पर अभी भी समाधान का इंतजार है










