सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना ही मोदी व धामी सरकार का लक्ष्य
ब्लॉक सभागार में बहुउद्देशीय जनकल्याण योजना शिविर आयोजित
बाजपुर 20 जून 20216- ब्लॉक सभागार में उत्तराखण्ड स्टेट सीड्स एंड ऑर्गेनिक प्रोडक्शन सर्टिफिकेशन एजेन्सी के अध्यक्ष व पूर्व सांसद बलराज पासी, उत्तराखण्ड राज्य किसान आयोग के उपाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह नामधारी, एसडीएम डॉ. अमृता शर्मा की उपस्थिति में बहुउद्देशीय जनकल्याण योजना शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल स्थापित कर आमजन को विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी प्रदान की गई। शिविर में जल संस्थान, युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग, बाल विकास विभाग, चिकित्सा विभाग, कृषि विभाग, सहकारिता विभाग, मत्स्य विभाग, पशुपालन विभाग, शिक्षा विभाग, मनरेगा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, रीप, उड़ान मसाला ग्रोथ सेंटर, समाज कल्याण विभाग तथा खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग सहित अन्य विभागों ने सहभागिता की। सभी विभागों द्वारा अपनी-अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं, कार्यक्रमों एवं सेवाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए आमजन को योजनाओं की पात्रता, लाभ एवं आवेदन प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा नागरिकों की समस्याओं एवं जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया। एनआरएलएम एवं रीप के माध्यम से ग्रामीण उद्यमिता, स्वरोजगार एवं स्वयं सहायता समूहों के सशक्तिकरण संबंधी जानकारी दी गई। वहीं उड़ान मसाला ग्रोथ सेंटर द्वारा स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों का प्रदर्शन कर स्थानीय उद्यमिता को बढ़ावा दिया गया। कार्यक्रम के दौरान पात्र लाभार्थियों को महालक्ष्मी किटों का वितरण भी किया गया। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित होने हेतु आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ग्रामीणों को नशा मुक्त समाज के निर्माण हेतु नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई तथा सभी से नशे के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने का आह्वान किया गया। शिविर को संबोधित करते हुए उत्तराखण्ड स्टेट सीड्स एंड ऑर्गेनिक प्रोडक्शन सर्टिफिकेशन एजेन्सी के अध्यक्ष व पूर्व सांसद बलराज पासी ने कहा कि सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना ही मोदी व धामी सरकार का लक्ष्य है। उत्तराखण्ड राज्य किसान आयोग के उपाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह नामधारी ने कहा कि सरकार आम जनहितार्थ योजनायें लागू कर पात्रों को लाभान्वित कर रही है। इस मौके पर भाजपा मण्डल अध्यक्ष टिंकू यादव, महामंत्री वीरेन्द्र बिष्ट, भाजपा एससी मोर्चा जिलाध्यक्ष यशपाल राजहंस, मधुबन कलस्टर की अध्यक्ष उमा जोशी, एबीडीओ सुरेश पंत, जेई शाकिर हुसैन, बहु. प्रथम किसान सेवा सह. समिति लि. के प्रभारी सचिव हेम काण्डपाल, ग्राम प्रधान सूरज राठौर आदि थे।











