बाजपुर की जनसमस्याओं को लेकर भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा जिलाध्यक्ष यशपाल राजहंस ने डीएम को सौंपा ज्ञापन
रिपोर्ट गुलबेज़ खान आजाद
बाजपुर। भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष यशपाल राजहंस ने आज जिलाधिकारी नितिन भदौरिया से शिष्टाचार भेंट कर विधानसभा बाजपुर क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान हेतु मांग पत्र सौंपा।
ज्ञापन में उन्होंने ग्राम गोबरा में जल जीवन मिशन के अंतर्गत लगभग 40 मीटर पाइपलाइन वन विभाग की भूमि से होकर गुजरने के कारण ग्रामीणों को पेयजल आपूर्ति बाधित होने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया तथा इस समस्या का शीघ्र समाधान कराने की मांग की।
इसके अलावा नगर पालिका कर्मचारियों की लंबित समस्याओं के निराकरण एवं उनके स्थायीकरण के संबंध में माननीय मुख्यमंत्री को संबोधित पत्र भी जिलाधिकारी के माध्यम से प्रेषित किया गया। साथ ही बाजपुर चीनी मिल के कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं के त्वरित एवं न्यायसंगत समाधान की मांग भी रखी गई।
यशपाल राजहंस ने ग्राम विक्रमपुर में अवैध रूप से निर्मित धार्मिक स्थल के संबंध में भी नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया।
जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने सभी विषयों को गंभीरता से सुना, संबंधित बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की तथा प्रत्येक प्रकरण में नियमानुसार उचित कार्रवाई और शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। इस दौरान उन्होंने दूरसंचार के माध्यम से संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए।










