सीमेंट की दुकान से दिनदहाड़े चोरी
रिपोर्ट गुलबेज़ खान आजाद
बाजपुर में दिनदहाड़े हुई चोरी की एक वारदात ने व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं सीमेन्ट खरीदने के बहाने आए तीन शातिर युवकों ने दुकानदार को अपनी बातों में उलझाकर गल्ले में रखी 80 हजार रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया और मौके से फरार हो गए
मिली जानकारी के अनुसार रामराज रोड पर भौना बिराहा रोड के सामने स्थित गुरूनानक आयरन एण्ड सीमेन्ट स्टोर पर तीन युवक बाइक से पहुंचे इनमें से दो युवक दुकान के अंदर आए और सीमेन्ट खरीदने की बात करते हुए दुकान स्वामी बलदेव विनायक से विभिन्न प्रकार के सीमेन्ट दिखाने का आग्रह करने लगे दुकानदार जब उन्हें दुकान के पीछे स्थित गोदाम में सीमेन्ट दिखाने ले गए तभी बाहर बाइक पर खड़ा उनका तीसरा साथी दुकान के गल्ले तक पहुंच गया
बताया जा रहा है कि आरोपी ने कुछ ही मिनटों में गल्ले में रखी 80 हजार रुपये की नकदी निकाल ली और अपने साथियों को संकेत दे दिया इसके बाद तीनों युवक बिना कोई सामान खरीदे वहां से निकल गए कुछ देर बाद जब दुकानदार वापस दुकान पर पहुंचे तो गल्ले से नकदी गायब देखकर उनके होश उड़ गए
पीड़ित दुकानदार ने घटना की सूचना पुलिस को देते हुए कोतवाली में तहरीर सौंपी है पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है आशंका जताई जा रही है कि आरोपी किसी संगठित गिरोह के सदस्य हो सकते हैं जो दुकानदारों को बातों में उलझाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देते हैं
इस घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में रोष और चिंता का माहौल है व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके











