खंडहर में छिपाकर रखा था चोरी का माल, देवरनियां पुलिस ने दो शातिर चोर दबोचे

खंडहर में छिपाकर रखा था चोरी का माल, देवरनियां पुलिस ने दो शातिर चोर दबोचे

 

इनवर्टर, बैटरी, गैस सिलेंडर, मोबाइल फोन और नकदी बरामद, पंचायत भवन व प्राथमिक विद्यालय में चोरी की वारदातें कबूलीं

 

आजाद न्यूज l विपुल शर्मा

 

बरेली। जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना देवरनियां पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बरेली-नैनीताल हाईवे पर ग्राम वसुपुरा के पास स्थित एक खंडहर से चोरी के माल के साथ दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक इनवर्टर, एक बैटरी, तीन गैस सिलेंडर, तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा ₹5,200 नकद बरामद किए गए हैं।

 

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विष्णु मौर्य (23 वर्ष) पुत्र मूलचंद मौर्य तथा हाशिम (26 वर्ष) पुत्र बाबू, दोनों निवासी ग्राम गिरधरपुर, थाना देवरनियां, जनपद बरेली के रूप में हुई है।

 

पुलिस जांच में बरामद सामान थाना देवरनियां में दर्ज मु0अ0सं0 204/2026, 222/2026 एवं 262/2026 से संबंधित चोरी का माल पाया गया। बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी करते हुए आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

 

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई

 

थाना देवरनियां पुलिस रात्रि गश्त और चेकिंग अभियान के दौरान क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम वसुपुरा के पास हाईवे किनारे स्थित खंडहर में कुछ लोग चोरी का सामान बेचने की फिराक में मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया और मौके से चोरी का सामान बरामद कर लिया।

 

नशे की लत पूरी करने के लिए करते थे चोरी

 

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे आपस में मित्र हैं और बेरोजगारी व नशे की लत के चलते चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। चोरी के बाद सामान को ग्राम वसुपुरा के पास खंडहर में छिपाकर रखते थे और बाद में राहगीरों को बेच देते थे।

 

आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि उन्होंने ग्राम गोपालपुर के पंचायत भवन तथा ग्राम मंगदपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में भी चोरी की घटनाएं की थीं। चोरी के कुछ सामान पहले ही बेच दिए गए थे, जिनसे प्राप्त धनराशि में से ₹5,200 बरामद हुए हैं, जबकि शेष रकम खर्च की जा चुकी थी।

 

बरामद सामान

 

01 इनवर्टर

 

01 बैटरी

 

03 गैस सिलेंडर

 

03 एंड्रॉयड मोबाइल फोन

 

₹5,200 नकद

 

आपराधिक इतिहास भी मिला

 

पुलिस के अनुसार आरोपी विष्णु मौर्य के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं हाशिम के विरुद्ध भी चोरी के मामलों में मुकदमे दर्ज पाए गए हैं। दोनों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

 

पुलिस टीम

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक शेखर खोखर, उपनिरीक्षक सुनील कुमार, हेड कांस्टेबल राजीव कुमार, कांस्टेबल संदीप कुमार, पवन बंसल एवं राजन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

[the_ad_group id="15"]

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें