पत्नी, साली और साढ़ू पर जहर देकर हत्या का आरोप, नर्सिंग असिस्टेंट की संदिग्ध मौत

पत्नी, साली और साढ़ू पर जहर देकर हत्या का आरोप, नर्सिंग असिस्टेंट की संदिग्ध मौत

 

आज़ाद न्यूज| विपुल शर्मा

 

बरेली के सुभाषनगर क्षेत्र स्थित बाला जी मंदिर के पास रहने वाले नर्सिंग असिस्टेंट कुलदीप गोस्वामी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अचेत अवस्था में उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां शनिवार सुबह उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने पत्नी, साली और साढ़ू पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

परिजनों के अनुसार कुलदीप और उनकी पत्नी के बीच पिछले कुछ समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। विवाद बढ़ने के बाद पत्नी अपनी बहन और बहनोई के घर रहने लगी थी। आरोप है कि पत्नी, उसकी बहन और बहनोई मिलकर कुलदीप को मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे, जिससे वह काफी परेशान रहते थे।

 

परिवार का कहना है कि 30 जून को कुलदीप की पत्नी ने महिला थाने में उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद कुलदीप विवाद को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने और माफी मांगने के उद्देश्य से अपनी साली के घर पहुंचे, जहां उनकी पत्नी रह रही थी।

 

परिजनों का आरोप है कि साली के घर पहुंचने के बाद किसी बात को लेकर विवाद हुआ। कुछ देर बाद कुलदीप अचेत अवस्था में मिले। गंभीर हालत में उन्हें एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान शनिवार सुबह उनकी मौत हो गई।

 

अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार कुलदीप ने जहरीला पदार्थ खाया था। इसी आधार पर परिजनों ने आरोप लगाया है कि उन्हें जहर देकर मौत के घाट उतारा गया। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगी।

 

कैंट इंस्पेक्टर संजय धीर ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर पत्नी, साली और साढ़ू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है तथा घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य और अन्य तथ्यों को भी एकत्र किया जा रहा है। दोषियों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

[the_ad_group id="15"]

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें