जनपद उधम सिंह नगर में आज दिनांक 18 दिसंबर 2025 को स्वास्थ्य विभाग द्वारा आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जनस्वास्थ्य जनजागरूकता रैली का भव्य आयोजन किया गया। इस रैली का शुभारम्भ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के. के. अग्रवाल द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। रैली में स्वास्थ्य विभाग, एनएचएम, विभिन्न नर्सिंग कॉलेजों, शैक्षणिक संस्थानों, आशा कार्यकर्ताओं एवं स्वास्थ्य कर्मियों की सक्रिय एवं सराहनीय भागीदारी रही।इस जनजागरूकता रैली का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जनपद के प्रत्येक नागरिक तक पहुँचाना तथा समाज में स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना रहा।रैली के दौरान छात्र-छात्राओं एवं स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा मानसिक स्वास्थ्य के प्रति समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने, नशा एवं तम्बाकू नियंत्रण, भ्रूण हत्या की रोकथाम, स्वस्थ जीवनशैली एवं दैनिक दिनचर्या में सुधार, स्वच्छता एवं रोगों से बचाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर आकर्षक स्लोगन, पोस्टर, बैनर एवं नारों के माध्यम से प्रभावी संदेश दिया गया। प्रतिभागियों ने “स्वस्थ समाज सशक्त राष्ट्र” के संदेश को जन-जन तक पहुँचाया।रैली में सूरजमल नर्सिंग कॉलेज (250 छात्र-छात्राएं), एएनएमटीसी गदरपुर (50), वी-3 नर्सिंग कॉलेज (250), द्रोण नर्सिंग कॉलेज (150), जनता इंटर कॉलेज (100), सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज, रुद्रपुर (100) सहित अन्य शैक्षणिक संस्थानों के 200 छात्र-छात्राओं एवं 70 आशा कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। सभी प्रतिभागियों ने अनुशासन एवं उत्साह के साथ रैली को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।रैली का मार्ग गांधी पार्क से प्रारंभ होकर मुख्य बाजार होते हुए बालाजी द्वार तक निर्धारित किया गया, जहाँ से रैली पुनः गांधी पार्क में आकर संपन्न हुई। मार्ग के दौरान आमजन ने रैली का स्वागत किया एवं स्वास्थ्य संबंधी संदेशों को गंभीरता से ग्रहण किया।इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उधम सिंह नगर डॉ. के. के. अग्रवाल ने मीडिया एवं आम नागरिकों को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य भी शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही महत्वपूर्ण है और इसे लेकर समाज में किसी भी प्रकार की झिझक नहीं होनी चाहिए। उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी बीमारियों के लक्षणों की जानकारी देते हुए समय पर उपचार एवं आवश्यकता पड़ने पर मनोचिकित्सक से परामर्श लेने की अपील की।डॉ. अग्रवाल ने युवाओं में बढ़ते नशे एवं तम्बाकू सेवन पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए इससे दूर रहने का आह्वान किया तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर बल दिया। साथ ही उन्होंने भ्रूण हत्या जैसे सामाजिक अपराध के विरुद्ध जागरूकता फैलाने और समाज को इसके दुष्परिणामों से अवगत कराने की आवश्यकता पर जोर दिया।उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य केवल उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि रोकथाम, जागरूकता एवं स्वस्थ समाज का निर्माण है। इस प्रकार की जनजागरूकता रैलियाँ आमजन को स्वास्थ्य के प्रति सजग बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।कार्यक्रम के अंत में स्वास्थ्य विभाग द्वारा रैली के सफल आयोजन में सहयोग प्रदान करने वाले सभी शैक्षणिक संस्थानों, आशा कार्यकर्ताओं, स्वास्थ्य कर्मियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों का हार्दिक आभार व्यक्त किया गया।इस अवसर पर डॉ. डी. सिंह (अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी), डॉ. हरेन्द्र मलिक (अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी), डॉ. एस.पी. सिंह (अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी), बी. एन. बेलवाल, हिमांशु चाँद मिया, प्रदीप मेहर, उमेश पाल, दिनेश जोशी, नवल किशोर, आमिर खान, निधि सहित स्वास्थ्य विभाग के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।











