बाजपुर गन्ना मंत्री सौरभ बहुगुणा के निर्देशों के क्रम में राज्य की समस्त सहकारी गन्ना विकास समितियों में गन्ना क्लीनिक एवं परामर्श केन्द्र स्थापित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज सहकारी गन्ना विकास समिति लिमिटेड, बाजपुर में गन्ना क्लीनिक एवं परामर्श केन्द्र का शुभारंभ गन्ना राज्य मंत्री मंजीत सिंह द्वारा फीता काटकर किया गयाइस अवसर पर गन्ना राज्य मंत्री श्री मंजीत सिंह ने कहा कि यह गन्ना क्लीनिक एवं परामर्श केन्द्र गन्ना कृषकों को एक ही स्थान पर त्वरित, व्यावहारिक एवं वैज्ञानिक परामर्श उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि केन्द्र के माध्यम से कृषकों को गन्ना फसल की औसत उपज में वृद्धि हेतु मार्गदर्शन, रोग एवं कीट से संबंधित समस्याओं का समयबद्ध समाधान, उर्वरक प्रबंधन, बीज एवं भूमि उपचार, तथा नवीन एवं उन्नत गन्ना किस्मों की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही कृषकों को आधुनिक कृषि तकनीकों एवं वैज्ञानिक पद्धतियों से भी अवगत कराया जाएगा।राज्य मंत्री ने कहा कि यह पहल कृषकों की आय दोगुनी करने के लक्ष्य को प्राप्त करने में सहायक सिद्ध होगी। गन्ना क्लीनिक एवं परामर्श केन्द्र प्रत्येक कार्यदिवस खुला रहेगा, जहाँ एक गन्ना पर्यवेक्षक एवं एक गन्ना विकास निरीक्षक नियमित रूप से उपस्थित रहकर कृषकों की समस्याओं के समाधान हेतु सेवाएं प्रदान करेंगे। गन्ना विभाग द्वारा संचालित यह गन्ना क्लीनिक एवं परामर्श केन्द्र कृषक हित में एक प्रभावी मंच के रूप में कार्य करेगा, जिससे गन्ना उत्पादन, उत्पादकता एवं गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार की अपेक्षा है।कार्यक्रम में कृषकगण श्री स्वर्ण सिंह, श्री रंजीत सिंह, श्री सुखदेव सिंह, श्री बलदेव सिंह, श्री जितेन्द्र सहित ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक श्री गौतम सिंह नेगी, गन्ना विकास निरीक्षक श्री विनोद कुमार सिंह, श्रीमती मीनाक्षी आर्या, लेखाकार श्री मोहित सिंह रावत तथा समस्त गन्ना पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।











